Tuesday, July 14, 2026
Latest:
चंपावतटनकपुरनवीनतमशिक्षा

पोस्टर हटाने पर भड़के छात्रसंघ अध्यक्ष, टनकपुर कॉलेज में पेट्रोल छिड़क आत्मदाह का प्रयास; पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब छात्रसंघ अध्यक्ष ने पोस्टर हटाए जाने से नाराज होकर कथित रूप से खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर पहले से मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए छात्र नेता को हिरासत में ले लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मामले में पुलिस ने छात्रसंघ अध्यक्ष सहित चार छात्र नेताओं का पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान किया। बाद में माफीनामा देने और महाविद्यालय प्रशासन की ओर से कठोर कार्रवाई की अनुशंसा न किए जाने पर उन्हें रिहा कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात एनएसयूआई से जुड़े छात्रसंघ अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कोहली ने अपने समर्थकों के साथ महाविद्यालय परिसर में आगामी छात्रसंघ चुनाव से संबंधित पोस्टर लगाए थे। मंगलवार सुबह कॉलेज खुलने पर महाविद्यालय प्रशासन ने नियमों का हवाला देते हुए पोस्टर हटवा दिए। इससे नाराज छात्रसंघ अध्यक्ष ने पोस्टर दोबारा न लगाने पर आत्मदाह की चेतावनी दी।

Ad Ad

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। दोपहर करीब 12 बजे छात्रसंघ अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ कॉलेज पहुंचे और कथित रूप से स्वयं पर पेट्रोल छिड़क लिया। हालांकि, पहले से तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें आत्मदाह का प्रयास करने से पहले ही हिरासत में ले लिया।

पुलिस छात्रसंघ अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कोहली, ध्यान बोहरा, दीपक बेलवाल और खीम सिंह रावत को कोतवाली ले गई। चारों ने लिखित माफीनामा देकर भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्राचार्या डॉ. अनुपमा तिवारी ने उनके विरुद्ध आगे कानूनी कार्रवाई न करने की अनुशंसा की, जिसके आधार पर उन्हें रिहा कर दिया गया। हालांकि, पुलिस ने चारों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुपमा तिवारी ने कहा कि अभी छात्रसंघ चुनाव का कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। ऐसे में परिसर में प्रचार सामग्री लगाना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने नियमानुसार पोस्टर हटवाए थे, लेकिन इसके बाद छात्रसंघ अध्यक्ष और उनके समर्थकों ने महाविद्यालय का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। उन्होंने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि इससे महाविद्यालय की छवि प्रभावित हुई है।