चम्पावत में परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, 66 वाहनों के चालान; दो वाहन सीज, नाबालिग के स्कूटी चलाने पर भी कार्रवाई
चम्पावत। सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने जनपद चम्पावत में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 66 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं पर दो वाहनों को सीज किया गया।
सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) के नेतृत्व में बाराकोट, लोहाघाट, पाटी और चम्पावत क्षेत्रों में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एआरएम लोहाघाट के साथ संयुक्त प्रवर्तन कार्रवाई भी की गई।
जांच के दौरान 6 वाहन बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, 4 वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र और 5 वाहन बिना टैक्स के संचालित पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एक नाबालिग स्कूटी चलाते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद संबंधित वाहन को कोतवाली चम्पावत में सीज कर दिया गया। वहीं बिना परमिट, बिना फिटनेस और बिना टैक्स संचालित एक अन्य वाहन को कोतवाली लोहाघाट में सीज किया गया।
इसके अलावा उत्तराखण्ड परिवहन निगम (UTC) की एक बस में प्रेशर हॉर्न का उपयोग पाए जाने पर भी विभाग ने चालान कर नियमानुसार कार्रवाई की।


परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, टैक्स, परमिट सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में ऐसे प्रवर्तन अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया, परिवहन कर अधिकारी प्रमोद चौधरी, परिवहन उप निरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट, परिवहन सहायक निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, परिवहन आरक्षी नीरज कुमार, निशा जोशी तथा वाहन चालक फकीर कुमार मौजूद रहे।

