उत्तराखंड में नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत, जंगल में पेड़ से लटके मिले शव; गर्भवती थी पत्नी
देहरादून/अलवर: उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र में एक नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। राजस्थान के अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र के गांव प्यारी बास शेखपुर निवासी सतविंदर सिंह और उनकी पत्नी अमनदीप कौर के शव जंगल में एक पेड़ से लटके मिलने से दोनों राज्यों में सनसनी फैल गई है। मृतका गर्भवती थी और परिवार में जल्द नई खुशियां आने वाली थीं, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
जानकारी के अनुसार, सतविंदर सिंह का विवाह इसी वर्ष जनवरी में उत्तराखंड के प्रेमनगर निवासी अमनदीप कौर से हुआ था। कुछ दिन पहले अमनदीप अपने मायके गई थी। 15 जुलाई को सतविंदर उसे लेने उत्तराखंड पहुंचे और 16 जुलाई को दोनों बाइक से मोबाइल ठीक कराने के लिए कोटद्वार जाने की बात कहकर निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे।

परिजनों ने कई बार दोनों के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिले। इसके बाद स्थानीय पुलिस में गुमशुदगी की सूचना दी गई। 17 जुलाई को प्रेमनगर के एक व्यक्ति ने सड़क किनारे चाबी लगी हुई एक लावारिस बाइक और उस पर टंगा महिला का बैग देखा। बाइक की पहचान होने पर उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास के जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। देर रात करीब एक बजे दोनों के शव एक पेड़ से लटके मिले। पुलिस के अनुसार, युवक का शव महिला के दुपट्टे से और युवती का शव युवक की दस्तार (पगड़ी) से लटका हुआ था।
शनिवार को दोनों के शव राजस्थान स्थित पैतृक गांव पहुंचने पर शोक की लहर दौड़ गई। नौगांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम और निष्पक्ष जांच की मांग की।
मौके पर पहुंचे नौगांवा थानाधिकारी हरदयाल सिंह यादव ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिजनों का कहना है कि सतविंदर स्नातक की पढ़ाई कर रहा था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। वहीं अमनदीप गर्भवती थी। ऐसे में दोनों की एक साथ हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

