चम्पावत की बेटी निकिता फर्त्याल ने NEET में लहराया परचम, साधारण परिवार से निकलकर हासिल की शानदार सफलता
चम्पावत: सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से सफलता की नई मिसाल पेश करते हुए चम्पावत जिले के लोहाघाट विकासखंड के सुरेल (मेदी फर्त्याल), बिसंग क्षेत्र की बेटी निकिता फर्त्याल ने NEET परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।

वर्ष 2007 में जन्मी निकिता, दीपक सिंह फर्त्याल और लक्ष्मी फर्त्याल की पुत्री हैं। उनके पिता दिल्ली की एक निजी कंपनी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत हैं और अपनी मेहनत के दम पर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। वहीं उनकी माता लक्ष्मी फर्त्याल एक गृहिणी हैं। आर्थिक रूप से साधारण परिवार होने के बावजूद माता-पिता ने बच्चों की शिक्षा और संस्कारों में कभी कोई कमी नहीं आने दी।
निकिता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली के एक सामान्य निजी विद्यालय से प्राप्त की। बचपन से ही वह मेधावी, अनुशासित और मेहनती छात्रा रही हैं। महंगी कोचिंग और विशेष सुविधाओं के अभाव के बावजूद उन्होंने अपनी लगन, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के बल पर NEET परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 14,000 तथा जनरल रैंक 5,500 हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर निकिता का उत्तराखंड के किसी भी सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में प्रवेश लगभग तय माना जा रहा है। उनकी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बिसंग क्षेत्र और चम्पावत जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है। निकिता की यह उपलब्धि उन हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच अपने सपनों को साकार करने का प्रयास कर रहे हैं। यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो हर कठिनाई सफलता के रास्ते में छोटी पड़ जाती है।
निकिता की इस सफलता पर पूर्व विधायक पूरन फर्त्याल, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उत्तम फर्त्याल, त्रिभुवन उपाध्याय, अशोक फर्त्याल, नरेश फर्त्याल, कैलाश फर्त्याल, ग्राम प्रधान राजू फर्त्याल, मनीष फर्त्याल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें और उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

