टनकपुर : 26 वर्षीय युवक ने समाप्त कर ली जिंदगी!
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर की निकटवर्ती ग्राम सभा बिचई में शनिवार देर शाम एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मई की देर शाम बिचई निवासी विवेक चंद (उम्र 26 वर्ष) पुत्र सुरेश चंद अपने कमरे में थे। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने चिंता जताई। बार-बार आवाज देने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने दरवाजा खोला, जहां विवेक अचेत अवस्था में मिले। परिजनों द्वारा युवक को तुरंत उप जिला चिकित्सालय टनकपुर ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. उमर ने परीक्षण के उपरांत युवक को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सालय प्रशासन द्वारा सूचित किए जाने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही शुरू की। टनकपुर कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। युवक द्वारा उठाए गए इस कदम के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
सहायता उपलब्ध है…
यदि आप या आपके जानने वाले किसी व्यक्ति को मदद की आवश्यकता है, तो कृपया इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें:किरण (Kiran) मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन: 1800-599-0019निमहंस (NIMHANS): 080-46110007या अपने किसी विश्वसनीय व्यक्ति या डॉक्टर से बात करें। जीवन अनमोल है, और मदद हमेशा उपलब्ध है।

