मामा की शादी में गई मासूम की सरयू नदी में डूबने से हुई मौ/त
पिथौरागढ़। जनपद के घाट क्षेत्र के पास स्थित पनार में गुरुवार सुबह सरयू नदी किनारे नहाने के दौरान 10 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हो गई। जिससे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया है कि मृतका अपनी मामा की शादी में शामिल होने ननिहाल गई थी। इस दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के चंडाक क्षेत्र के सिन्तोला भुरमुनी गांव की रहने वाली रिया उर्फ पीहू, इन दिनों अपनी मां सरोजा देवी के साथ मामा के विवाह में शामिल होने घाट क्षेत्र में स्थित पनार गांव गई थी। बताया गया है कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे परिवार के लोग सरयू नदी किनारे पहुंचे, जहां सभी नहाने के लिए पानी में उतरे और बच्ची को किनारे छोड़ दिया गया। इसी दौरान खेलते-खेलते बच्ची नदी के करीब पहुंच गई और गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण पानी में डूब गई। जब तक परिजनों को इसकी भनक लगी, तब तक काफी देर हो चुकी थी। घबराए परिजनों ने बच्ची को तुरंत बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों के अनुसार उसके फेफड़ों में पानी भर जाने के कारण स्थिति गंभीर हो गई थी। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। मासूम की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

