चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर व बनबसा पत्रकारों ने सीएम को भेजा ज्ञापन, पत्रकार के खिलाफ दर्ज मुकदमे की उच्चस्तरीय जांच की मांग

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। खटीमा में पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने से भड़के टनकपुर और बनबसा के पत्रकारों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है। साथ ही पुलिस द्वारा बगैर किसी जांच के रिपोर्ट दर्ज किए जाने पर गंभीर आपत्ति जताई है।

सीएम ज्ञापन में कहा गया है कि खटीमा के चकरपुर क्षेत्र में गैस की किल्लत जैसी जनहित से जुड़ी खबर की ग्राउंड रिपोर्टिंग करने पर वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि यह कार्रवाई खटीमा पुलिस द्वारा बिना समुचित जांच के, एक भाजपा नेता की शिकायत के आधार पर की गई, जिससे निष्पक्ष पत्रकारिता पर प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं। पत्रकारों का कहना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति के उत्पीड़न का नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ ‘प्रेस की स्वतंत्रता’ पर सीधा हमला है। यदि जनहित से जुड़ी खबरों के प्रकाशन पर ही पत्रकारों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, तो इससे निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के सामने गंभीर संकट उत्पन्न होगा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के विरुद्ध दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, चम्पावत पुलिस से कराए जाने, जांच पूर्ण होने तक मुकदमे की कार्यवाही पर तत्काल रोक लगाए जाने, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों/व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के साथ ही प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा एवं स्वतंत्रता सुनिश्चित करने हेतु ठोस नीति बनाने की मांग की है।

Ad Ad

ज्ञापन में पत्रकारों ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली से पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में खटीमा पुलिस से निष्पक्ष जांच की उम्मीद करना कठिन प्रतीत होता है। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से अपेक्षा जताई कि वे इस गंभीर प्रकरण का संज्ञान लेते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और प्रेस की स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे। इस अवसर पर बाबूलाल यादव, ललित मोहन भट्ट, आबिद हुसैन, कुंदन सिंह, पुष्कर सिंह, राजीव मनराल, दिनेश खर्कवाल, भुवन पाटनी, विनय शुक्ला, दीपक धामी, देवेंद्र देवा, शुभम गौड़, विनोद जोशी, मयंक पंत सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।

Ad Ad