जनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर # पीएसी जवान की पुलिस सम्मान के साथ हुई अंत्येष्टि

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। नगर निवासी पीएसी जवान का बीमारी के चलते निधन हो गया। शनिवार को नम आंखों से पुलिस सम्मान के साथ जवान की शारदा घाट पर अंत्येष्टि की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर की वर्मा लाइन निवासी राहुल सिंह चौहान 2007 में पीएसी में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती रुद्रपुर 46वीं कंपनी में थी। वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बताया जाता है कि राहुल गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार को अस्पताल ले जाते वक्त रुद्रपुर में उनकी मौत हो गई। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी मिली, परिवार में कोहराम मच गया। जवान के शव का शनिवार को शारदा घाट में पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मृतक जवान राहुल के चाचा हरि सिंह चौहान और महेंद्र सिंह चौहान ने मुखाग्नि दी। जवान अपने पीछे पुत्र शिवांश, पत्नी लक्ष्मी देवी और मां रमा चौहान को छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार के वक्त पीएएसी कंपनी कमांडेंट खुशाल सिंह रावत, सूबेदार बलवंत सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश चौहान, सुरेंद्र पाल, भूपेंद्र सिंह, नाजिस अली, मुकेश राम, भूपेंन्द्र सिंह ने शारदा घाट पर अंतिम सलामी दी। जानकारी के अनुसार जवान के पिता का करीब छह माह पूर्व ही निधन हुआ था। पीएसी जवान राहुल के निधन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के लोगों व नागरिकों ने भी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दुख जताया है। पुलिस परिवार की ओर से गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को पुलिस फंड से एक लाख रुपये की धनराशि सौंपी गई।

शारदा घाट पर जवान राहुल चौहान को अंतिम सलामी देते पीएसी के जवान।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड