टनकपुर : अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी, हादसे में महिला की मौत, पति घायल
टनकपुर। टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग में ग्राम सभा बिचई के समीप अज्ञात वाहन ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी में एक दंपति सवार था। हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार खटीमा से टनकपुर को आ रहे दंपति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल हुए दंपति को स्थानीय लोगों ने 108 के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टर कार्तिक ने दंपति का स्वास्थ्य परीक्षण कर महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं पति का उपचार किया जा रहा है। डॉ. कार्तिक ने बताया कि नायकगोठ निवासी भगवती बोहरा पत्नी खुशाल सिंह बोहरा की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो गई थी। उसके पति का उपचार जारी है।
