उत्तराखंड में लापता महाराष्ट्र के पर्यटक का शव मिला, सड़क से 40 मीटर नीचे झाड़ियों में पड़ा था शव
12 अक्टूबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी, एसडीआरएफ ने दुर्गम ढलान से रेस्क्यू कर पुलिस को सौंपा शव
ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में महाराष्ट्र से आए एक लापता पर्यटक का शव तपोवन क्षेत्र में नीरगढ़ बैंड के समीप बरामद हुआ है। शव सड़क से करीब 40 मीटर नीचे दुर्गम ढलान पर झाड़ियों के बीच पड़ा था। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को सड़क तक पहुंचाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र से एक व्यक्ति अपने परिवार और मित्रों समेत नौ सदस्यीय समूह के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। इसी दौरान वह लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 12 अक्टूबर 2026 को लक्ष्मणझूला थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
शुक्रवार को तपोवन चौकी से करीब 500 मीटर आगे नीरगढ़ बैंड के पास सड़क से नीचे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। स्थानीय पुलिस के माध्यम से इसकी सूचना एसडीआरएफ को दी गई। सूचना मिलते ही बचाव दल आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचा।
शव खड़ी और दुर्गम ढलान पर होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ कर्मियों ने सुरक्षा उपाय अपनाते हुए रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव तपोवन चौकी पुलिस को सौंप दिया गया। परिजनों ने शव की पहचान कर ली है। फिलहाल पर्यटक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

