जनपद चम्पावतस्वास्थ

चम्पावत # विवाह की रस्में पूरी हुईं, लेकिन दुल्हन न हो सकी विदा …

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत जिले के बेलखेत गांव में आई बारात में सभी रस्में पूरी हुईं और विवाह संपन्न हो गया। उसके बाद दुल्हन की विदाई नहीं हो सकी। इसकी वजह रही दुल्हन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आना। इसी वजह से विवाह की सभी रस्में दूल्हा दुल्हन ने पीपीई किट पहन कर पूरी कीं। बारात ऊधमसिंह नगर के चकरपुर से आई थी। कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आने पर दुल्हन को 17 दिन के आइसोलेशन में रखा है। राजस्व उपनिरीक्षक अमित सिपाल ने बताया हैकि चम्पावत के राजस्व ग्राम दियूरी के बेलखेत तोक निवासी सीमा बोहरा की शादी चकरपुर निवासी शिवराज अधिकारी के पुत्र पंकज अधिकारी के साथ तय हुई थी। कुछ दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीमा का कोरोना सैंपल जांच के लिए लैब भेजा था। शुक्रवार को विवाह से पूर्व की सभी रस्में पूरी हो गई थीं। देर शाम सीमा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना से परिजनों में हड़कंप मच गया। इसके बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष ने फोन पर वार्ता कर विवाह की रस्में तय समय पर पूरी करने पर सहमति जताई। शनिवार को दूल्हा, दूल्हे के दो भाई और एक पुरोहित यानी चार लोग बारात के रूप में दुल्हन के घर पहुंचे थे। दुल्हन पक्ष से भी उसी के परिवार के पांच-छह सदस्य शामिल हुए थे। पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में पीपीई किट पहनकर विवाह कराया गया। चम्पावत जिला प्रशासन यूएस नगर प्रशासन से दुल्हन को उनके जिले में प्रवेश की अनुमति मांग रहा था, लेकिन ऐन मौके पर यूएस नगर से अनुमति नहीं मिली। लिहाजा दूल्हे को दुल्हन के बगैर घर लौटना पड़ा।

दूल्हे के पिता भी नहीं हुए थे बारात में शामिल
विवाह होने के बाद प्रशासन ने दुल्हन को 17 दिन मायके में होम आइसोलेशन में रहने का नोटिस दिया। आइसोलेशन अवधि पूरी करने के बाद ही दुल्हन अपने ससुराल को विदा होगी। विवाह इतनी सादगी से हुआ कि दूल्हे के पिता भी बारात में शामिल नहीं हुए थे। चम्पावत के एसडीएम अनिल गर्ब्याल ने बताया है कि यूएस नगर प्रशासन ने अनुमति नहीं मिलने पर दुल्हन को मायके में ही 17 दिन के होम आइसोलेशन का नोटिस दिया है। यह विवाह पूरी तरह कोविड प्रोटोकॉल के तहत कराया गया। दूल्हा-दुल्हन के अलावा पुरोहित और अन्य लोग भी विवाह समारोह में पीपीई किट पहनकर शामिल हुए।

Ad