पत्नी ने कहा गैस सिलेंडर आएगा तभी बनाऊंगी खाना, पति ने फंदे पर लटककर…
सरकार भले ही हजारों दावे क्यों न कर ले कि एलपीजी गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन हकीकत तो यही है कि सिलेंडर न होने के कारण व्यवस्थाएं लगातार चरमराने लगी हैं। इसी बीच ऐसी ही कुछ दुखद खबर उधम सिंह नगर जिले से सामने आ रही है, जहां पर पत्नी ने अपने पति को गैस सिलेंडर लाने को कहा जिसके बाद पति ने फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर पिपलिया नंबर 1 निवासी 29 वर्षीय किशन विश्वास पुत्र निर्मल विश्वास फॉल्स सीलिंग का काम करता था। बीते बुधवार की रात को किशन का अपनी पत्नी रीना से विवाद हो गया था। इसके बाद वह छत पर बने कमरे में चला गया और उसने वहां पर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। कुछ देर बाद जब किशन की मां छत पर गई तो किशन कमरे में लटका हुआ मिला। यह देखकर किशन की मां के होश उड़ गए और उनकी चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी छत पर पहुंचे, जिन्होंने किशन को फंदे से उतारकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां पर डॉक्टरों ने किशन को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि किशन विश्वास और उनकी पत्नी रीना विश्वास के बीच घर में रसोई गैस सिलेंडर खत्म होने को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। इतना ही नहीं बल्कि रीना ने यह बात तक कह दी थी कि जब घर में सिलेंडर आएगा तभी खाना बनेगा। बीते बुधवार को एक बार फिर से इसी बात को लेकर विवाद हुआ इसके बाद किशन ने अपनी जिंदगी खत्म कर दी।

