नवीनतमनैनीतालहादसा

उत्तराखंड : जंगल में लगी आग बुझाने के दौरान हुआ हादसा, दैनिक भोगी कर्मी की अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

ख़बर शेयर करें -

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और अस्पताल में सभासदों व स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया

नैनीताल। नैनीताल के बिड़ला चुंगी क्षेत्र के जंगल में लगी आग को बुझाने के दौरान वन विभाग के एक दैनिक कर्मी की पहाड़ी से फिसलकर मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और अस्पताल में सभासदों व स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बिड़ला चुंगी के पास जंगल में आग लगने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। आग बुझाने के दौरान बिड़ला निवासी आनंद राम अचानक फिसलकर गहरी ढलान में गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसके पास कोई सुरक्षा उपकरण नहीं था, जिससे गिरने पर उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही मूर्छित हो गया।

स्थानीय लोगों ने उसे 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के सभासद और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। पूर्व सभासद ने आरोप लगाया कि वन विभाग के कर्मियों को बिना फायर सूट, हेलमेट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों के ही आग बुझाने भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा इंतजाम होते, तो शायद आनंद की जान बच सकती थी। लोगों ने मांग की कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। वहीं वन क्षेत्राधिकारी ललित कार्की ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Ad Ad