लोहाघाट : जलभराव की समस्या के समाधान को जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, संबंधित विभागों को दिए सख्त निर्देश
लोहाघाट/चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बीती शाम हुई भारी वर्षा के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित लोहाघाट के पाटन पुल क्षेत्र में जलभराव एवं कूड़ा जमा होने की समस्या का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था, नालियों की स्थिति तथा निर्माणाधीन कलवर्ट कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता को निर्माणाधीन कलवर्ट का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि मानसून से पूर्व सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं, जिससे वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित हो सके और भविष्य में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।



जिलाधिकारी ने जिला पंचायत अधिकारियों को क्षेत्र की नालियों की नियमित साफ-सफाई, सिल्ट एवं कूड़ा हटाने तथा कूड़ा निस्तारण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने सार्वजनिक स्थलों एवं नालियों में कूड़ा डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की सहभागिता भी आवश्यक है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।

