हल्द्वानी : नानी के घर आई 13 वर्षीय बच्ची को कैंटर ने कुचला, मची चीख-पुकार
हल्द्वानी। सोमवार की शाम हुए एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। दरअसल शनि बाजार रोड पर तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों की भीड़ सड़क पर उतर आई। मृतक 13 वर्षीय बच्ची हादिया फातिमा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली थी। वह इन दिनों अपनी नानी के घर हल्द्वानी आई हुई थी। परिवार के लिए यह सामान्य दिन था, लेकिन कुछ ही क्षणों में खुशियां मातम में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोरी हादिया अपनी बहन के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। इसी दौरान शनि बाजार रोड पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची स्कूटी से उछलकर सड़क पर जा गिरी और कैंटर के पहिए की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने कैंटर को घेर लिया और चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और चालक को सुरक्षित हिरासत में लिया। इसके बाद उसे थाने भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक बच्ची के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि बच्ची के पिता विदेश में सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार सदमे में है। जिस बच्ची को कुछ दिनों की छुट्टियां बिताने के लिए नानी के घर भेजा गया था, उसी की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया है।

