उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतमराजनीति

उत्तराखंड की खास पोशाक में नजर आए कांग्रेस के टॉप फाइव लीडर, होली मिलन में दिया ‘एकजुटता’ का संदेश

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। भले ही रंगों का त्योहार होली को अभी एक हफ्ता बाकी हो, लेकिन देशभर में होली पर्व की धूम मच गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश कांग्रेस के टॉप लीडर्स शामिल रहे। खास बात ये रही कि इस होली मिलन समारोह में कांग्रेस के टॉप फाइव लीडर्स एक ही पोशाक में नजर आए।

दरअसल, उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों और खासकर जनजाति के लोग जो पोशाक यानी ‘दोका पोशाक’ पहनते हैं, उन्हीं पोशाक को पहने हुए प्रदेश कांग्रेस के यह टॉप लीडर्स नजर आए। एक ही तरह की पोशाक पहन कर कांग्रेस नेताओं ने ‘एकजुटता’ का बड़ा संदेश देने का काम किया।

Ad

बता दें कि उत्तराखंड में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. जिसके मद्देनजर प्रदेश की दोनों मुख्य पार्टियों कांग्रेस और बीजेपी दमखम से तैयारियों में जुटी हुई हैं। ताकि, आगामी विधानसभा चुनाव को जीतकर सत्ता पर काबिज हो सकें। उससे पहले ही कांग्रेस खुद को मजबूत करने के साथ ही सभी टॉप लीडर्स को एक जुट कर आगे की रणनीतियां बनाने की कवायद में जुटी हुई है।
ऐसा ही एक नजारा होली मिलन समारोह में देखने को मिला। जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत एक ही पोशाक में होली खेलते नजर आए।


“यह पोशाक चमोली जिले में रहने वाले जनजाति के लोगों ने अपने हाथों से बनाई है. चमोली जिले के जनजाति से जुड़े लोगों ने ये पोशाक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के लिए स्पेशली होली खेलने के लिए भेजी है. लिहाजा, उन जनजाति से जुड़े लोगों के सम्मान और उनकी कार्य कुशलता के सम्मान में यह पोशाक उन सभी नेताओं ने पहनी है.”- गणेश गोदियाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष