चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

चम्पावत में लहराया गौरव का ‘तिरंगा’, मुख्यमंत्री धामी ने दी ₹36.82 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

ख़बर शेयर करें -

‘आदर्श जनपद’ के संकल्प को दोहराते हुए 17 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जनपद चम्पावत पहुंचे। यहां उन्होंने जनपद के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए जनकल्याण एवं आधारभूत संरचना को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांधी चौक पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत उन्होंने गांधी चौक में स्थापित नवनिर्मित 30 फिट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत अनावरण किया।

Ad Ad

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है, जो प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रसेवा का भाव जागृत करता है तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा चम्पावत को ‘आदर्श जनपद’ बनाने का संकल्प इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जनपद में ₹117 करोड़ से अधिक की लागत से गोलज्यू कॉरिडोर का निर्माण प्रगति पर है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए जिला चिकित्सालय में ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित किया गया है तथा ₹5 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन एवं एमआरआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

शिक्षा एवं नवाचार को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ₹57 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस युग में बच्चों को आधुनिक ज्ञान से जोड़ते हुए उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। उन्होंने बताया कि शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। खेल क्षेत्र में बेटियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लोहाघाट में ₹257 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माणाधीन है। इसके साथ ही भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट निर्माण तथा बुजुर्गों के लिए ₹8.99 करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम भवन का निर्माण भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान वीर सैनिकों, वीर नारियों एवं पर्यावरण मित्रों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कुल ₹3682.91 लाख (₹36.82 करोड़) की 17 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके अंतर्गत ₹711.66 लाख की लागत वाली 4 योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिनमें टाक खंदक-करौली मोटर मार्ग का सुधारीकरण, कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यालय सह पार्किंग निर्माण, ऋश्वेश्वर मंदिर लोहाघाट के समीप सरफेस पार्किंग तथा गांधी चौक में 13 मीटर ऊँचे हाई मास्ट राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना शामिल है। वहीं ₹2971.25 लाख की 13 योजनाओं का शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने सड़क संपर्क को मजबूत करने हेतु दुधोरी-भनौली मार्ग, बसौटी-रोकुंवर मार्ग, राजकीय इंटर कॉलेज मंच तक सड़क निर्माण एवं घटोत्कच मंदिर से झाली मंदिर तक डामरीकरण कार्य की आधारशिला रखी। इसके अतिरिक्त दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षात्मक कार्य, रैगांव, रोजल एवं वर्धा खान में आयुर्वेदिक चिकित्सालयों का निर्माण, खेतीखान में मल्टी लेवल पार्किंग, दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क स्थापना, स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में जलापूर्ति सुधार, ग्राम पंचायत होली पिपलाती में मार्ग निर्माण तथा रीठा साहिब क्षेत्र में वन्य जीव अभ्यारण्य प्रशिक्षण रूट का निर्माण भी शामिल है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा इन योजनाओं से चम्पावत के अंतिम छोर तक विकास का लाभ पहुंचेगा और जनपद तेजी से ‘आदर्श जनपद’ के रूप में स्थापित होगा। इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, अध्यक्ष जिला पंचायत आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, अध्यक्ष नगर पालिका चम्पावत प्रेमा पांडेय, लोहाघाट गोविंद वर्मा, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, प्रदेश मंत्री निर्मल महारा, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, टनकपुर दीपक रजवार, पूर्व विधायक लोहाघाट पूरन फर्त्याल, भाजपा महामंत्री मुकेश कलखुड़िया सहित जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास शाह, सतीश पांडेय, कैलाश अधिकारी, सूरज प्रहरी, सुनील पुनेठा, हेमा जोशी सहित नगर पालिका चम्पावत के सभासद , जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं बड़ी संख्या में नागरिक व अन्य मौजूद रहे।

Ad Ad