घरवालों को बिना बताए स्कूटी लेकर निकले दो किशोर, हादसे में दोनों की मौत
कांगड़ी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, मौके पर मचा हड़कंप
हरिद्वार। कांगड़ी फ्लाईओवर पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कार्तिक अग्रवाल (16) निवासी काली कमली हवेली, हरकी पैड़ी और कृष्णा राजपूत (14) निवासी शिवनगर, रानी गली रविवार को स्कूटी से श्यामपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों कांगड़ी फ्लाईओवर पर पहुंचे, बिजनौर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए और स्कूटी समेत दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायल किशोरों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता ने करीब दो सप्ताह पहले खरीदी थी नई स्कूटी
जांच के दौरान सामने आया कि कार्तिक के पिता ने करीब दो सप्ताह पहले ही नई स्कूटी खरीदी थी। रविवार को कार्तिक अपने दोस्त कृष्णा के साथ परिवार को बिना बताए स्कूटी लेकर घूमने निकल गया था। कुछ ही देर बाद हुए हादसे की खबर घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को हाईवे से हटाकर थाने पहुंचाया गया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

