उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतमहादसा

देहरादून में डंपर ने स्कूटी सवार युवक को कुचला, दर्दनाक मौत

ख़बर शेयर करें -

18 वर्षीय बीसीए छात्र की मौत से परिवार में मचा कोहराम

देहरादून। देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर छिदरवाला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिकेत गुसाईं (18) पुत्र दीपक गुसाईं, निवासी शिवराजपुर, शिव शक्ति कॉलोनी, कोटद्वार, बीते दिन स्कूटी से कोटद्वार से देहरादून की ओर जा रहा था। बताया गया कि देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर छिदरवाला के पास सर्विस रोड के नजदीक पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिकेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Ad Ad

बीसीए सेकंड ईयर का छात्र था अनिकेत

अनिकेत बीसीए सेकंड ईयर का छात्र था। उसके पिता दीपक गुसाईं जल संस्थान में कार्यरत हैं और उनकी तैनाती कोटद्वार में थी। बताया गया कि तबादला देहरादून होने के बाद परिवार कोटद्वार से देहरादून शिफ्ट हो रहा था। परिवार का सामान देहरादून स्थित जल निगम कॉलोनी, इंदिरा नगर, सीमाद्वार ले जाया जा रहा था। इसी सिलसिले में अनिकेत भी स्कूटी लेकर देहरादून जा रहा था, लेकिन छिदरवाला के पास हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।