उत्तराखण्डनवीनतमपौड़ी

उत्तराखंड : अग्निवीर जवान बॉक्सिंग प्रशिक्षण के दौरान घायल होने से शहीद, दौड़ी शोक की लहर

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। विकासखंड कल्जीखाल की मनियारस्यूं पट्टी अंतर्गत ग्रामसभा आसुई के नौगांव बालसू निवासी 20 वर्षीय अग्निवीर जवान सचिन सिंह का केरल में उपचार के दौरान निधन हो गया। इस दुखद समाचार से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन सिंह का चयन पिछले वर्ष अग्निवीर भर्ती में हुआ था। करीब सात महीने का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी तैनाती केरल के तिरुवनंतपुरम में की गई थी। बताया जा रहा है कि बॉक्सिंग प्रशिक्षण के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान वे 10 से 15 दिनों तक कोमा में रहे।

Ad Ad

डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद 24 फरवरी को सचिन सिंह ने अंतिम सांस ली। यह खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। सचिन तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई अमन होटल में कार्यरत हैं, जबकि छोटी बहन डी-फार्मा की पढ़ाई कर रही है। जवान बेटे के असामयिक निधन से पिता पूरन सिंह और माता रामेश्वरी देवी गहरे सदमे में हैं। शुक्रवार को हरिद्वार में पूरे सैन्य सम्मान के साथ सचिन सिंह को अंतिम विदाई दी गई। नम आंखों के बीच हर किसी ने इस वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इतनी कम उम्र में मातृभूमि की सेवा करते हुए उनका यूं चले जाना पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।