अल्मोड़ानवीनतमशिक्षा

उत्तराखंड : इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के टॉपर पीयूष बनना चाहते हैं वैज्ञानिक, पिता का सिर से उठा साया तो मां ने मेहनत कर पूरे कराए सपने

ख़बर शेयर करें -

मंगलवार को उत्तराखंड बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। जिसमें अल्मोड़ा नगर निवासी और विवेकानंद इंटर कालेज रानीधारा पीयूष खोलिया ने उत्तराखंड की इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। पीयूष ने बताया कि पिता का साया उठने के बाद मां ने हर कदम में उनका साथ दिया। सात साल पहले पिता का साया छूटा तो मां ने विद्या मंदिर में नौकरी करते हुए बेटे पीयूष को भी मजबूत बनाया। पीयूष भविष्य में वैज्ञानिक बनकर देश सेवा करना चाहते हैं। बेटे की सफलता पर मां गदगद है। पाीयूष ने अल्मोड़ा का नाम प्रदेश में रोशन किया है। इसको लेकर अल्मोड़ा में भी खुशी का माहौल है।

पीयूष ने बताया कि मां ने दिन-रात कड़ी मेहनत करते हुए शिक्षा में कभी बाधा नहीं आने दी। जिसका परिणाम आज मिला है। पीयूष ने इंटर की परीक्षा में 488 अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि कभी भी पढ़ाई को बोझ नहीं समझा। हमेशा रूची लेकर पढ़ाई की। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी पढ़ाई को बोझ नहीं समझने की अपील की है। नगर के सुनारीनौला निवासी पीयूष ने बताया कि जब वह पांचवी कक्षा में थे तब उनके पिता केएस खोलिया का निधन हो गया था। केएस खोलिया भी विवेकानंद इंटर कॉलेज में शिक्षक थे। माता भावना खोलिया विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर जीवनधाम में शिक्षिका हैं। घर का इकलौता होने के कारण कम उम्र में ही उन पर परिवार की जिम्मेदारी आ गई, लेकिन उसने इसका बखूबी सामना किया। शिक्षक माता पिता के घर जन्मे पीयूष को बचपन में ही शैक्षिक वातावरण मिला। मां के संघर्ष ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इंटर टॉप कर पीयूष ने मां के आंचल को खुशियों के भर दिया है।

पीयूष को भौतिक, रसायन विज्ञान में मिले शत प्रतिशत अंक
पीयूष को गणित में 95, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान में 100-100, जीव विज्ञान में 99, अंग्रेजी में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। पीयूष का कहना है कि अंकों से खुद का आंकलन करना गलत है। पढ़ाई रटने के लिए नहीं करें। विषयों को समझना जरुरी है। गणित और भौतिक विज्ञान विषयों के सवालों का पूर्वाभ्यास करें। जो सवाल नहीं आता है उसे बार-बार हल करें।