उत्तराखण्डनवीनतमराजनीति

उत्तराखंड : शून्यकाल में उमेश कुमार ने उठाया भ्रष्टाचार का मुद्दा, गुप्ता ब्रदर्स पर लगाया सरकार गिराने का प्रयास करने का आरोप

ख़बर शेयर करें -

गैरसैंण/देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए सनसनी फैला दी। इस दौरान खानपुर विधायक उमेश कुमार ने गुप्ता बंधुओं की पूर्ववर्ती सरकार से जुड़े हुए कनेक्शन और वर्तमान सरकार को गिराने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। माना जा रहा है कि उमेश गुप्ता ने गुप्ता बंधुओं के बहाने किसी और को निशाना बनाते हुए तीर चलाया है। अब देखना होगा कि इस आरोप को सरकार कितनी गंभीरता से लेती है और गुप्ता बंधुओं को सरकारी सुविधा मुहैया कराने वालों पर क्या कार्यवाही करती है..?

भराड़ीसैंण में चल रहे विधानसभा के मानसून सत्र के आज गुरुवार को दूसरे दिन निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने शून्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। इस दौरान उन्होंने गुप्ता बंधुओं को पूर्व की सरकार द्वारा दी गई मदद पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा गुप्ता बंधुओं और उनके संबंधियों के दबाव में देहरादून के एक वरिष्ठ व्यवसाई ने आत्महत्या की। साथ ही उन्होंने कहा पूर्व की पिछली सरकार ने उन गुप्ता बंधुओं को जेड सिक्योरिटी दी जो कई जगह भ्रष्टाचार के आरोप में लिप्त रहे हैं।

उमेश कुमार ने कहा गुप्ता बंधुओं की अपराधिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद भी पूर्व की सरकार ने उन्हें मुख्यमंत्री और राज्यपाल को दी जाने वाली जेड लेबल की सिक्योरिटी प्रदान दी। जिसके कारण उनका असर आज भी उत्तराखंड में देखने को मिलता है। उन्होंने सदन में कहा गुप्ता बंधुओं द्वारा उत्तराखंड की वर्तमान सरकार को गिराने की साजिश की जा रही है। उन्होंने चुनौती दी है कि कोई भी यदि उत्तराखंड में अस्थिरता के लिए षड्यंत्र करता है तो वह उसके खिलाफ सबसे पहले खड़े होंगे। साथ ही उन्होंने सदन में आज गुप्ता बंधुओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई जांच की मांग भी की।