चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : रियासी-बमनगांव तोक में खनन पट्टों की आड़ में अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों ने CM से की कार्रवाई की मांग

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जनपद चम्पावत के सीमांत क्षेत्र चूका अंतर्गत रियासी-बमनगांव तोक (सीम) में खनन पट्टों के नाम पर जेसीबी व पोकलैंड जैसी भारी मशीनों से लंबे समय से अवैध खनन का सिलसिला जारी है। ग्रामीणों ने इसका कड़ा विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल रोक लगाने की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि यह खनन नियमों व पर्यावरण मानकों का खुला उल्लंघन है।


ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से नदी के पास बसे गांवों में भू-धंसाव व कटाव का संकट गहरा गया है। ग्रामीणों के अनुसार माफिया नियमों को ताक पर रखकर 15-20 फीट गहरे खड्डे खोद रहे हैं। बरसात में इससे भारी जान-माल की क्षति हो सकती है। कहा है कि वर्षों की मशक्कत से बनी सड़कें ओवरलोड खनन वाहनों से जर्जर हो चुकी हैं। इनकी बेलगाम आवाजाही से ग्रामीणों की जान पर बन आई है।

ग्रामीणों ने बताया कि खनन विभाग व स्थानीय प्रशासन को बार-बार शिकायतें मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। निरीक्षण के नाम पर अधिकारी टालते ही रहते हैं, जिससे विभागीय संरक्षण के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रमुख रूप से जेसीबी-पोकलैंड से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, गहरे खड्डों की तकनीकी जांच करवाने, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई व सड़क की मरम्मत किए जाने तथा प्रशासन व विभाग की उच्चस्तरीय जांच किए जाने की मांग की है। ज्ञापन पर सरपंच पवन सिंह, ग्राम प्रधान पंकज तिवारी सहित सोबन सिंह, दीपक सिंह, दान सिंह समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।