टनकपुर में हाथी ने कुचल कर महिला को मौत के घाट उतारा
टनकपुर/चम्पावत। जंगली हाथी ने एक महिला को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया। घटना ककराली गेट नंबर एक स्थित लिसा डिपो के पास की है। महिला की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। वहीं क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 5 की कुछ महिलाएं जंगल क्षेत्र में लकड़ी बीनने गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और महिलाओं को दौड़ा दिया। इसी दौरान हाथी ने एक महिला पर हमला बोल दिया। जिससे महिला गिर गई और हाथी ने उसे कुचल दिया। महिला की पहचान माधुरी पत्नी भूपराम निवासी नई बस्ती वार्ड नंबर 5 के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल लाया गया है। महिला की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा है। बताया जा रहा है कि मृतका के चार बच्चे हैं। जिनमें तीन लड़के व एक लड़की है। हाथी के हमले में महिला की मौत से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से महिला के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। वहीं वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और सतर्कता बरतें।
घटना तराई पश्चिमी वन प्रभाग के शारदा रेंज के अंतर्गत घटी है। सूचना मिलते ही डीएफओ कुंदन कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तात्कालिक सहायत के रूप में मृतकों के परिजनों को तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की।


