ऊधम सिंह नगर में सड़क हादसों का कहर, तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत
रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर जिले में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। गदरपुर, सितारगंज और किच्छा क्षेत्र में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों मामलों में अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा गदरपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर हुआ। मोतियापुर निवासी 60 वर्षीय मोहम्मद शफी बुधवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। कुछ देर बाद राहगीरों ने उन्हें सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी मौत हुई।

दूसरी घटना सितारगंज-किच्छा रोड स्थित अनुग्राम आश्रम के पास हुई। सितारगंज निवासी अनुज कंबोज देर रात अपने आईईएलटीएस (IELTS) सेंटर की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अनुज को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। सिडकुल चौकी के उपनिरीक्षक अनिल मेहता ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीसरा हादसा किच्छा क्षेत्र में हुआ, जहां आवास विकास निवासी 63 वर्षीय वीरेंद्र कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में भी अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका जताई जा रही है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि तीनों मामलों में परिजनों से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तीनों हादसों के बाद संबंधित परिवारों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने दोषी वाहन चालकों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

