मां पूर्णागिरि धाम में युवा श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने से हुई मौत
टनकपुर/चम्पावत। मां पूर्णागिरि के दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक शाहजहांपुर का रहने वाला था। कल शाम ही वह पूर्णागिरि मेले में पहुंचा था।
यूपी के शाहजहांपुर निवासी निखिल पुत्र अभिषेक गुप्ता अपने मित्र धीरज के साथ कल रविवार देर शाम मां पूर्णागिरि के दर्शन को पहुंचे। आज सुबह वापस लौटते समय काली मंदिर के समीप अचानक 30 वर्षीय निखिल की तबीयत बिगड़ गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद उप जिला चिकित्सालय टनकपुर लाया गया। जहां डॉक्टर उमर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के साथी धीरज ने बताया कि दर्शन कर वापस लौटते समय काली मंदिर के पास निखिल की तबीयत अचानक खराब हो गई और वह चक्कर खाकर गिर गया। स्थानीय लोगों द्वारा पानी डालकर उसे होश में लाया गया। निखिल ने तब कहा था कि उसके शरीर में ताकत नहीं है। वह चल नहीं पाएगा। पुलिस और मेडिकल टीम ने 108 के माध्यम से निखिल को उप जिला चिकित्सालय लाया गया। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। उप निरीक्षक जीतेन्द्र बिष्ट ने घटना की सूचना परिजनों को दी है। पंचनामे और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया युवक की मौत की वजह दिल का दौरा पड़ना माना जा रहा है।

