रानीबाग पुल से उफनती गौला में कूदे 65 वर्षीय बुजुर्ग, छलांग से पहले मुस्कुराते हुए बोले थे कुछ नहीं; वीडियो वायरल
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी-बिंदुखत्ता क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। शास्त्रीनगर निवासी 65 वर्षीय राम सिंह कोरंगा ने मंगलवार को रानीबाग पुल से उफनती गौला नदी में छलांग लगा दी। घटना से पहले पुल पर एक व्यक्ति से उनकी हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को राम सिंह पारिवारिक विवाद के बाद दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे। कुछ देर बाद वह रानीबाग पुल पर पहुंचे। इसी दौरान बारिश में पुल पर खड़े राम सिंह से एक अनजान व्यक्ति ने बातचीत की। उसने उनसे पूछा कि, “चाचा, बारिश में क्यों भीग रहे हो, आपको मजा आ रहा है बारिश में भीगने से?” इस पर राम सिंह ने हल्की सी मुस्कान दी।
इसके कुछ ही देर बाद राम सिंह ने पुल से उफनती गौला नदी में छलांग लगा दी। बातचीत और उसके बाद नदी में छलांग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली।

घटना के बाद बिंदुखत्ता से राम सिंह के परिजन काठगोदाम थाने पहुंचे। पुलिस को वीडियो दिखाने के साथ ही उन्होंने बुजुर्ग की पहचान की। परिजनों ने बताया कि पारिवारिक विवाद के बाद राम सिंह घर से निकले थे। पुलिस और संबंधित टीमों द्वारा नदी में उनकी तलाश की जा रही है। उफनती गौला नदी और तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में चुनौती बनी हुई है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
पुलिस की मानें तो जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी वह राम सिंह के गोवा वाले किसी रिश्तेदार के पास पहुंची। इसके बाद उन्होंने तुरंत राम सिंह के परिजनों को घटना की सूचना दी। जांच पड़ताल में सामने आया है कि राम सिंह एक वर्ष पूर्व अपनी टैक्सी चलाते थे स्वास्थ्य खराब होने की वजह से उन्हें टैक्सी चलाना छोड़ना पड़ा। एक वर्ष से वह बेरोजगार थे। राम सिंह के परिवार में उनका एक बेटा अग्निवीर है जबकि दूसरा बेटा निजी कंपनी में कार्यरत है। राम सिंह के आत्मघाती कदम उठाने की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। हालांकि किसी ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं और ना ही कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। राम सिंह का शव आज बुधवार को नदी से बरामद कर लिया गया है।

