देहरादूननवीनतममौसम

मसूरी-देहरादून मार्ग पर फिर टूटा पहाड़, पानी वाले बैंड के पास सड़क का बड़ा हिस्सा बहा; यातायात ठप

ख़बर शेयर करें -

मसूरी/देहरादून। लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर मंगलवार सुबह बड़ा भूस्खलन हो गया। करीब सुबह पांच बजे पानी वाले बैंड के पास पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसकने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया, जिसके चलते मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। मार्ग बंद होने से मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

इससे पहले सोमवार देर रात गलोगीधार के पास भारी भूस्खलन हुआ था। सड़क पर मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर आने से यातायात बाधित हो गया था। लोक निर्माण विभाग की टीम ने करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग दो बजे मलबा और बोल्डर हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारू किया था। हालांकि, लोगों ने राहत की सांस ली ही थी कि कुछ घंटे बाद पानी वाले बैंड के पास हुए भूस्खलन ने फिर से सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया।

Ad Ad

सड़क का हिस्सा बहने से यातायात ठप

पानी वाले बैंड के पास सड़क का बड़ा हिस्सा बह जाने के कारण फिलहाल वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। मार्ग बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने लगी है। लगातार बारिश और जगह-जगह हो रहे भूस्खलन से यात्रियों की चिंता भी बढ़ गई है।

वैकल्पिक रास्ता तैयार करने में जुटा लोनिवि

मार्ग को जल्द खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर जुटी हुई है। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास पहाड़ को काटकर वैकल्पिक मार्ग तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने के साथ सड़क को सुरक्षित तरीके से खोलने का काम किया जा रहा है।

हालांकि, लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका के कारण सड़क खोलने के काम में भी लगातार चुनौती बनी हुई है। प्रशासन की ओर से यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।

मसूरी-किमाड़ी मार्ग से आवाजाही, लेकिन सावधानी जरूरी

मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग बंद होने के बाद लोग मसूरी-किमाड़ी मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि यह मार्ग कई स्थानों पर काफी संकरा है। ऐसे में प्रशासन ने इस मार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

मसूरी-देहरादून मार्ग राजधानी देहरादून को मसूरी से जोड़ने वाला प्रमुख सड़क मार्ग है। सड़क का हिस्सा बहने से फिलहाल मसूरी का देहरादून से मुख्य सड़क संपर्क बाधित हो गया है। लगातार बारिश के बीच पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।