अल्मोड़ा में बारिश का कहर: मलबे में दबा मकान, महिला समेत दो बच्चों की मौत की सूचना
अल्मोड़ा। उत्तराखंड में मानसून की भारी बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। अल्मोड़ा जिले में मंगलवार तड़के बारिश के बाद अचानक आए मलबे ने एक आवासीय मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त घर में सो रहे तीन लोगों के मलबे में दबने की सूचना है। राहत और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। मृतकों में एक महिला और दो बच्चे बताए जा रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से मृतकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
जानकारी के अनुसार, घटना हवालबाग ब्लॉक के वड्यूडा/उडयूडा गांव में मंगलवार तड़के हुई। सोमवार देर शाम से क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से मलबा आया और एक आवासीय मकान इसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते मलबा मकान के भीतर घुस गया और वहां सो रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। मलबे के अचानक घर में घुसने से परिवार के सदस्यों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मकान का ढांचा क्षतिग्रस्त होने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, जिला आपदा प्रबंधन टीम, राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। लगातार बारिश और दुर्गम परिस्थितियों के बीच मलबा हटाने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू टीम का सहयोग किया। काफी प्रयासों के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों में एक महिला और दो बच्चों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और संख्या की आधिकारिक पुष्टि की जानी बाकी थी।
हादसे की सूचना मिलने के बाद तहसील प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल ने प्रशासनिक अधिकारियों से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में मलबा आने और मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

