नवीनतमहरिद्वारहादसा

उत्तराखंड में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पुलिसकर्मी की मौत, जांच में जुटी पुलिस

ख़बर शेयर करें -

झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर माजरा गांव के पास हादसा; 48 वर्षीय प्रमोद कुमार बाइक से जा रहे थे रुड़की, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार। हरिद्वार जिले में सड़क हादसे में झबरेड़ा कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मी प्रमोद कुमार उर्फ दद्दा की मौत हो गई। 19 अक्टूबर की देर शाम झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर माजरा गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार बाइक से झबरेड़ा कोतवाली से रुड़की की ओर जा रहे थे। माजरा गांव के नजदीक पहुंचने पर उनकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि प्रमोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। मृतक की पहचान भागु प्रसाद के पुत्र प्रमोद कुमार (48) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के ग्राम छितावना के निवासी थे और झबरेड़ा कोतवाली में वाहन चालक के पद पर तैनात थे। उनकी मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की स्थित सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के साथ ही जिम्मेदार वाहन चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।