चम्पावत के छतार में बच्चों ने किया रावण दहन, राघव-माधव और चेतन ने पुतले को दिया आकार
शहीद शिरोमणि चिलकोटी पार्क में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, बच्चों ने दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश
चम्पावत। चम्पावत के छतार वार्ड स्थित शहीद स्वर्गीय शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रन पार्क में बच्चों ने सामूहिक रूप से रावण दहन कर विजयादशमी का पर्व उत्साह के साथ मनाया। बच्चों ने खुद रावण का पुतला तैयार किया और उसका दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। रावण के पुतले को मूर्त रूप देने में राघव, माधव और चेतन की प्रमुख भूमिका रही।


शाम ढलते ही पार्क में रावण दहन का आयोजन हुआ। इस दौरान बच्चों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दशहरे की शुभकामनाएं दीं। बच्चों की इस पहल को देखने और उनका उत्साह बढ़ाने के लिए मोहल्ले के नागरिक और अभिभावक भी मौजूद रहे। बच्चों की मेहनत और सामूहिक सहभागिता ने आयोजन को खास बना दिया।
उल्लेखनीय है कि शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रन पार्क देश के वीर सपूत लांस नायक शिरोमणि चिलकोटी की स्मृति में स्थापित है। वह कुमाऊं रेजिमेंट की छठी बटालियन में तैनात थे और 7 सितंबर 1965 को भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे। उनकी शहादत की 50वीं वर्षगांठ पर उनकी पत्नी मंदोदरी चिलकोटी ने यह भूमि पुनेठी विकास समिति को दान में दी थी।

शहीद की स्मृति में स्थापित इस पार्क में बच्चों द्वारा परंपरागत पर्व को सामूहिक रूप से मनाना सराहनीय पहल रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ ही उनमें सहयोग और सामाजिक सहभागिता की भावना भी विकसित करते हैं।


