बाजपुर में PWD जेई से अभद्रता और मारपीट का आरोप, चेहरे पर कीचड़ पोतने का VIDEO वायरल
पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार और समर्थकों पर आरोप, जेई ने कोतवाली में दी तहरीर
बाजपुर/ऊधम सिंह नगर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में बाढ़ के हालात के बीच हंगामे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार और उनके समर्थकों पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के कनिष्ठ अभियंता (JE) के साथ कथित तौर पर अभद्रता, मारपीट और चेहरे पर कीचड़ पोतने के आरोप लगाए जा रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित जेई ने बाजपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

दरअसल, ऊधम सिंह नगर में लगातार हो रही बारिश के चलते बाजपुर क्षेत्र की रेबड़ा नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के घरों के भीतर तीन से चार फीट तक पानी और मिट्टी भर गई है।
इसी क्षेत्र में रेबड़ा नदी पर पुल निर्माण का कार्य भी चल रहा है। स्थानीय लोगों और पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार की ओर से पुल निर्माण में देरी और कार्यदायी संस्था की कथित लापरवाही को बाढ़ की स्थिति से जोड़ते हुए सवाल उठाए गए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने और पुल निर्माण से जुड़े हालात देखने के लिए PWD के जेई राजीव गौड़ मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान राजेश कुमार और उनके समर्थकों के साथ उनका विवाद हो गया।
चेहरे पर कीचड़ पोतने का आरोप
आरोप है कि विवाद के दौरान राजेश कुमार ने जेई राजीव गौड़ के चेहरे पर कीचड़ पोत दिया। इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्रता भी की गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों के कैमरों में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय बाजपुर के उपजिलाधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। घटना के बाद PWD के जेई राजीव गौड़ बाजपुर कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
राजेश कुमार ने अधिकारियों पर लगाया लापरवाही का आरोप
पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में लोगों के घरों में तीन से चार फीट तक पानी और मिट्टी भर गई है। उनका आरोप है कि यदि पुल निर्माण का कार्य समय पर पूरा कर लिया गया होता तो क्षेत्र में ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। राजेश कुमार ने कहा कि अधिकारियों की कार्यप्रणाली का असर सरकार की छवि पर भी पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की छवि प्रभावित होने की बात कहते हुए कहा कि इसी नाराजगी के चलते उन्होंने अधिकारी के चेहरे पर कीचड़ पोती।
ऊधम सिंह नगर के अपर जिलाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जानकारी भी उन्हें मिली है। उन्होंने बताया कि बाजपुर के एसडीएम को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। ADM के अनुसार, जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

