उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड की डंपर की टक्कर से मौत, चालक फरार

ख़बर शेयर करें -

कुंडेश्वरी के ढकिया रोड पर हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की फरार चालक की तलाश

काशीपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में रविवार शाम ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में एक होमगार्ड जवान की दर्दनाक मौत हो गई। कुंडेश्वरी क्षेत्र में ढकिया रोड से पच्चावाला जाने वाली सड़क पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार होमगार्ड को टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान पच्चावाला निवासी शेर सिंह पुत्र तोता राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शेर सिंह कुंडेश्वरी क्षेत्र में ढकिया रोड पर गश्त की ड्यूटी पर तैनात थे।

तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर

पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर की शाम करीब 4:39 बजे शेर सिंह मोटरसाइकिल से ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान ढकिया रोड से पच्चावाला जाने वाली सड़क पर तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना ढकिया कुंडेश्वरी निवासी विनय ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुंडेश्वरी चौकी से उपनिरीक्षक मनोज सिंह धोनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी।

Ad Ad

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने शेर सिंह के शव को एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय, काशीपुर भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
सुरक्षा की दृष्टि से शेर सिंह की मोटरसाइकिल को कुंडेश्वरी चौकी में खड़ा कराया गया है। पुलिस के अनुसार, शेर सिंह की मौत ड्यूटी के दौरान हुई है। इसी को देखते हुए पंचनामा समेत अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच के साथ-साथ फरार डंपर चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से भी डंपर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।