अल्मोड़ाउत्तराखण्डनवीनतमहादसा

अल्मोड़ा : कार खाई में गिरी, डेढ़ साल के बच्चे समेत तीन की मौत, पांच लोग घायल

ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। बसौली इलाके में एक कार खाई में गिर गई। इस हादसे में 3 लोगों की जान भी चली गई। जिनमें से डेढ़ साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। हादसा अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर बसौली के पास हुआ है।

बताया जा रहा है कि 26 फरवरी को कार संख्या DL9CBH/ 8402 अल्मोड़ा की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार बसौली के पास पहुंची, तभी ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया। जिससे कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। यह हादसा चुराड़ी और महेंद्रा क्लब के बीच हुआ। राहगीरों ने हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि खाई करीब 150 मीटर गहरी थी, इसलिए पुलिस को रेस्क्यू करने में थोड़ी मुश्किल आई। पुलिस खाई में गिरे सभी लोगों को निकालकर ऊपर सड़क पर लेकर आई, लेकिन तब तक डेढ़ साल के मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।

Ad Ad

वहीं, अन्य पांच घायलों को पुलिस ने नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। कार में 8 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होने झिझाड़ गांव आए थे। वाहन में सवार सभी लोग वधू पक्ष के रिश्तेदार थे। जो वापस दिल्ली लौट रहे थे. तभी बीच रास्ते में ये हादसा हो गया। फिलहाल, पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

कार हादसे में मौत-
— मंजू देवी पत्नी गोपाल राम (उम्र 44 वर्ष), निवासी- गांव कांडे, ताकुला, अल्मोड़ा
— दिनेश राम पुत्र तिल राम (उम्र 50 वर्ष), निवासी- गांव झिझाड़, ताकुला, अल्मोड़ा
— रेहान पुत्र महेश आर्या (उम्र 11 माह), निवासी- गांव थपनिया, ताकुला, अल्मोड़ा

इस हादसे में थपनिया निवासी 11 महीने के रेहान की मौत हो गई। जबकि, उसके माता जया (उम्र 25 वर्ष) और पिता महेश आर्या (उम्र 25 वर्ष) घायल हुए हैं। जिनका अभी उपचार चल रहा है। इसके अलावा हादसे में कांडे निवासी मंजू देवी (उम्र 44 वर्ष) और झिझाड़ निवासी दिनेश राम (उम्र 50 वर्ष) की भी मौत हुई है। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल भेजा गया है।

कार हादसे में घायल-
— जया पत्नी महेश राम (उम्र 25 वर्ष), निवासी- गांव थपनिया, ताकुला, अल्मोड़ा
— गोपाल राम पुत्र शेर राम (उम्र 50 वर्ष), निवासी- गांव कांडे, ताकुला, अल्मोड़ा
— संजय पुत्र बलराम (उम्र 21 वर्ष), निवासी- गांव कांडे, ताकुला, अल्मोड़ा
— महेश आर्या पुत्र जसवंत राम (उम्र 25 वर्ष), निवासी- गांव थपनिया, ताकुला, अल्मोड़ा
— अर्जुन कुमार पुत्र केशव राम (उम्र 36 वर्ष), निवासी- फतेहपुर बेरी, साउथ दिल्ली (ड्राइवर)