उत्तराखण्डजनपद चम्पावतनवीनतम

नेपाल में भारतीय टैक्सी वाहनों पर लगी रोक, क्या है वजह जानें …

ख़बर शेयर करें -

बनबसा। भारतीय नंबर के टैक्सी वाहनों को नेपाल में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। इससे भारतीय टैक्सी वाहन स्वामियों और चालकों में रोष है।


बताया जा रहा है कि नेपाल में महाकाली एवं पवनदूत यातायात सेवा ने बैठक कर नेपाल प्रशासन से दिल्ली या दूरस्थ क्षेत्रों से नेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर आने वाले वाहनों को रोकने की मांग की थी। इस आधार पर कंचनपुर नेपाल के सीडीओ (जिलाधिकारी) ने भारतीय टैक्सी परमिट वाहनों को नेपाल में भंसार और यातायात सुविधा देने से मना कर दिया है। इस कारण बुधवार को भारतीय टैक्सी परमिट वाहन नेपाल नहीं जा सके।

बताया गया है कि नेपाल में यातायात सुविधा निजी क्षेत्र के सहारे है। उन्होंने भारतीय टैक्सी वाहनों को नेपाल में प्रवेश देने से मना करने की मांग नेपाल प्रशासन के समक्ष रखी थी, लेकिन भारतीय प्राइवेट वाहन मैत्री बसों को पूर्व की भांति संचालित होती रहेंगी। इधर बनबसा शारदा बैराज चौकी प्रभारी हेमंत कठैत ने बताया कि इस संबंध में नेपाल प्रशासन ने भारतीय प्रशासन को नहीं बताया है। नेपाल में लगी इस रोक का स्थानीय टैक्सी वाहन स्वामी और चालकों ने विरोध किया है। जल्द ही वे नेपाल प्रशासन से मिल समाधान निकालने की मांग करेंगे।