देशनवीनतमराजनीति

पंजाब में 17वें सीएम के रूप में भगवंत मान ने ली शपथ, राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने दिलाई शपथ

ख़बर शेयर करें -

पंजाब की राजनीति में आज से नया अध्याय शुरू हो चुका है। भगवंत मान ने पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री पद के तौर पर स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में शपथ ली। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई। इसके बाद भगवंत मान ने राज्य की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जो लड़ाई भगत सिंह ने लड़ी वही लड़ाई आम आदमी पार्टी लड़ रही है। सीएम मान ने कहा कि आंदोलन से खड़ी हुई पार्टी देश में बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में स्कूल और कॉलेजों का स्तर सुधारने के साथ ही दिल्ली की तर्ज पर पंजाब का विकास करेंगे।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संजोयक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। लाखों की संख्या में पंजाब के लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। शपथ ग्रहण से ठीक पहले भगवंत मान ने ट्वीट किया कि ‘सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है। शहीद भगत सिंह और बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां में शपथ लेगा। शहीद भगत सिंह जी की सोच पर पहरा देने के लिए मैं उनके पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो रहा हूं।’ भगवंत मान के सीएम पद की शपथ लेने से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा ‘आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा। उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो गया हूं।’

Ad

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड