चम्पावत : एनएच पर बड़ा हादसा, कैंटर की चपेट में आई स्कूटी; हेलमेट ने बचाई महिला की जान
चम्पावत। लोहाघाट-चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। मानेश्वर के पास एक स्कूटी अनियंत्रित होकर कैंटर की चपेट में आ गई। इस हादसे में स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, लोहाघाट से टनकपुर की ओर एक कैंटर जा रहा था। इसी दौरान चम्पावत की ओर से स्कूटी पर सवार होकर आ रही एक महिला ने अचानक अपनी स्कूटी को राजपुर सड़क की ओर मोड़ दिया। मोड़ पर अचानक सामने आए कैंटर को महिला देख नहीं पाई और स्कूटी सीधे कैंटर की चपेट में आ गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कूटी पूरी तरह से कैंटर के नीचे घुस गई। इस दुर्घटना में स्कूटी चालक पूजा जोशी घायल हुई हैं। गनीमत यह रही कि पूजा ने हेलमेट पहना हुआ था, जिसके चलते सिर पर गंभीर चोट नहीं आई और उनकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर हेलमेट न होता, तो हादसा जानलेवा हो सकता था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को रेस्क्यू किया गया। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

