टनकपुर : शारदा रेंज की बड़ी कार्रवाई, भारत-नेपाल सीमा पर अवैध मछली व्यापार का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
टनकपुर/चम्पावत। आज शुक्रवार की देर शाम शारदा बैराज के समीप हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत शारदा रेंज में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में आरक्षित वन क्षेत्र शारदा नदी अपरस्ट्रीम शारदा घाट के नजदीक अवैध मछली व्यापार के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यह कार्रवाई प्रभागीय वनाधिकारी, हल्द्वानी वन प्रभाग एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी, शारदा के निर्देशन में वन क्षेत्राधिकारी शारदा सुनील शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
प्राप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने शारदा नदी तट एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन गश्त एवं निगरानी अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए टीम द्वारा दौराने दबिश राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू पुत्र जमन सिंह निवासी- शारदा घाट, टनकपुर को आरक्षित वन क्षेत्र शारदा टापू प्रथम बीट शारदा नदी अपरस्ट्रीम शारदा घाट के नजदीक पर बड़ी मात्रा में मछलियों का जाल इत्यादी अवैध प्रतिबन्धित सामग्री सहित पकड़ लिया तथा मौके पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति वन विभाग की टीम को देखकर फरार हो गए, जिनकी पहचान हेतु जांच की जा रही है। अभियुक्त के विरूद्व शारदा रेंज अन्तर्गत मुकदमा अपराध संख्या- 01/शारदा/2026-27 अन्तर्गत भारतीय वन अधिनियम- 1927 यथासंशोधित की धारा- 26 झ में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। वन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सीमा क्षेत्र में अवैध मछली शिकार एवं व्यापार न केवल जैव विविधता के लिए खतरा है, बल्कि यह नदी तंत्र के संतुलन को भी प्रभावित करता है। वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा ने बताया कि शारदा रेंज द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त निगरानी एवं कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मछली व्यापार करने वालों में हड़कंप मच गया है। टीम में वन दरोगा मुनेश सिंह राणा व वन बीट अधिकारी रविन्द्र कुमार तथा इन्द्र सिंह, दैनिक श्रमिक आदि शामिल रहे।

