टनकपुर व बनबसा क्षेत्र में 10 घंटे ठप रही विद्युतापूर्ति, लोगों को करना पड़ा दिक्कतों का सामना
विद्युत व्यवस्था ठप होने के चलते नगर तथा ग्रामीण क्षेत्र के पेयजल आपूर्ति भी हुई प्रभावित
टनकपुर/चम्पावत। पिटकुल की ओर से टनकपुर खटीमा सितारगंज में विद्युत संबंधी कार्य किए जाने के चलते टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रातः 8:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक ठप रही। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यवसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हईं। पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित रही। सरकारी दफ्तरों में भी कामकाज प्रभावित रहा। नगर तथा ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था भी विद्युत व्यवस्था के चलते बाधित रही। व्यापारियों का कहना है कि विद्युत विभाग द्वारा लंबे अंतराल के लिए विद्युत आपूर्ति ठप की जा रही है। जिससे लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। बिजली की लंबी कटौती होने के कारण स्थानीय लोगों को पेयजल की दिक्कत से जूझना पड़ रहा है। यूपीसीएल के एसडीओ मयंक भट्ट ने बताया कि विभाग की ओर से पूर्व में ही उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति ठप रहने की सूचना जारी की गई थी। पिटकुल की ओर से खटीमा सितारगंज लाइन में विद्युत संबंधी कार्य किया जा रहा है जिस कारण लाइन बाधित रही है।

