क्राइमनवीनतमनैनीताल

भवाली दुष्कर्म प्रकरण में बड़ा उलटफेर, पहली शिकायतकर्ता युवती ही पहुंची जेल, जानें क्यों…

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी/नैनीताल। भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे के खिलाफ दुष्कर्म और शारीरिक शोषण का मुकदमा दर्ज कराने वाली पहली शिकायतकर्ता युवती अब खुद गंभीर आरोपों में गिरफ्तार होकर जेल पहुंच गई है। एक अन्य युवती की शिकायत के आधार पर मल्लीताल पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी, दुष्कर्म कराने के प्रयास, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार मामले में नया मोड़ तब आया जब एक अन्य युवती ने कोतवाली मल्लीताल में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पहली शिकायतकर्ता उसे बहला-फुसलाकर काठगोदाम स्थित एक होटल में ले गई थी। वहां पहले से मौजूद नरेश पांडे के सामने उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

Ad Ad

शिकायतकर्ता युवती ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उसकी उम्र 17 वर्ष 11 माह थी, जिसके चलते मामला पॉक्सो एक्ट के दायरे में भी आया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए पहली शिकायतकर्ता युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

घर से गिरफ्तार कर भेजा जेल

मल्लीताल पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी युवती को उसके घर से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

कॉलेज छात्राओं को जाल में फंसाने का आरोप

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार प्रारंभिक जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिनसे संकेत मिलता है कि मुख्य आरोपी नरेश पांडे और गिरफ्तार युवती कथित रूप से कॉलेज छात्राओं को अपने प्रभाव में लेकर उन्हें देह व्यापार की ओर धकेलने का प्रयास करते थे। पुलिस का दावा है कि दोनों के संपर्क में कई अन्य युवतियां भी थीं और अब मामले की जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।

मुख्य आरोपी नरेश पांडे पहले से जेल में

गौरतलब है कि भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को पहले ही दुष्कर्म और शोषण से जुड़े आरोपों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था। अब पहली शिकायतकर्ता युवती की गिरफ्तारी के बाद यह मामला और अधिक जटिल हो गया है।

फरार होने की तैयारी की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी युवती गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना गांव छोड़ने की तैयारी में थी। बताया जा रहा है कि उसने देहरादून और उसके बाद जयपुर जाने की योजना बनाई थी तथा यात्रा संबंधी बुकिंग भी कर ली थी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जांच जारी, और खुलासों की संभावना

पुलिस होटल रिकॉर्ड, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस चर्चित मामले में आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।