पिथौरागढ़: आईटीबीपी जवान के भाई की हत्या का खुलासा, टैक्सी चालक गिरफ्तार
डीडीहाट-दूनाकोट सड़क पर युवक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज आठ घंटे में खुलासा कर दिया
पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में डीडीहाट-दूनाकोट सड़क पर युवक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज आठ घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में विवाद के दौरान लोहे के स्पैनर (पाने) से वार कर युवक की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी उमेश मलिक ने बताया कि मृतक की पहचान 32 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चौहान पुत्र स्वर्गीय पुष्कर सिंह, निवासी हुनेरा गांव, डीडीहाट के रूप में हुई है। भूपेंद्र सिंह का बड़ा भाई आईटीबीपी में तैनात है। 13 जुलाई की रात वह किसी काम से डीडीहाट बाजार गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव डीडीहाट-दूनाकोट सड़क पर कांडा-कफलुवा मोड़ के पास बरामद हुआ।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि बाजार से लौटते समय भूपेंद्र सिंह की मुलाकात टैक्सी चालक सुमित सिंह धामी से हुई। आरोपी अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मैक्स वाहन (यूके-05टीए-3333) से घर लौट रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि भूपेंद्र सिंह कथित तौर पर नशे की हालत में उसकी गाड़ी में बैठ गया था। रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गुस्से में वाहन में रखे लोहे के स्पैनर (पाने) से भूपेंद्र सिंह के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को कांडा-कफलुवा मोड़ के पास सड़क किनारे फेंककर पत्नी और बच्चे के साथ वहां से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त वाहन और अन्य साक्ष्य भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

