उत्तराखण्डनवीनतमनैनीतालराजनीति

उत्तराखंड में कांग्रेस पर जमकर बरसे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, शुद्धिकरण-वंदे मातरम को लेकर साधा निशाना

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तुष्टिकरण, वंदे मातरम और हल्द्वानी के शुद्धिकरण जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस को घेरा। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर पर जीत सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस के मन में हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से कांग्रेस को पूरा ‘वंदे मातरम’ गाने में भी आपत्ति होती है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ की गूंज सुनकर हजारों-लाखों बलिदानियों ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया था। यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की पहचान है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ की गूंज केवल आजादी की गूंज नहीं, बल्कि 2047 के विकसित भारत के संकल्प की आवाज भी है।

Ad Ad

दलितों के सम्मान को लेकर कांग्रेस पर निशाना

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर दलितों के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास दलितों का सम्मान नहीं करने का रहा है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और बाबू जगजीवन राम का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर उन्हें अपमानित करने का आरोप लगाया।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने दलित समाज के सम्मान के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थ विकसित किए गए हैं। संत गुरु रविदास को भी सम्मान देने और उनके नाम पर देशभर में यात्राएं निकालने का काम भाजपा ने किया है।

युवाओं को लेकर भी कांग्रेस पर हमला

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के युवाओं को निराशा और अंधकार में रखा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा आज आशा और विश्वास के साथ स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब ‘जॉब सीकर’ से ‘जॉब गिवर’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उत्तराखंड के विकास का किया जिक्र

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के विकास के लिए अपने संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाया है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम और विभिन्न सड़क परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी सहित मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का काम किया गया है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों की सुविधाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले लोगों के आवागमन के पर्याप्त साधन नहीं थे, जबकि भाजपा सरकार ने बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम किया है।

सीएम धामी की तारीफ, यूसीसी का किया जिक्र

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का काम किया है। इसके अलावा वन रैंक वन पेंशन, आवास, सरकारी सेवाओं में आरक्षण और सहकारी समितियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे कदमों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार संकल्पित होकर उत्तराखंड के विकास के लिए काम कर रही है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

2027 में फिर भाजपा सरकार बनाने का दावा

नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की विकास यात्रा को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने 2027 में फिर भाजपा की सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की जीत केवल सत्ता और सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा की जीत होगी। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन के 19 जिलों, 304 मंडलों, 2,835 शक्ति केंद्रों और 12,543 बूथों को पार्टी की ताकत बताते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया।