चम्पावत : व्यापारियों को अधिक पैसे कमाने का लालच देकर ठगी करने वाला आरोपी देहरादून से गिरफ्तार
चम्पावत। व्यापारियों एवं अन्य लोगों को अधिक पैसे कमाने का लालच देकर ठगी करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को लोहाघाट पुलिस ने देहरादून से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर जनपद में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेन्द्र कप्रवाण के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष लोहाघाट ओम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 9 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए विनय भट्ट पुत्र गिरीश चन्द्र भट्ट, निवासी देहराखास, देहरादून को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा थाना लोहाघाट क्षेत्र में विभिन्न लोगों एवं व्यापारियों को अधिक पैसे कमाने का लालच देकर ठगी किए जाने के मामले सामने आए थे। इन मामलों में न्यायालय द्वारा फौजदारी वाद संख्या 04/2025 एवं 66/2025 में आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के साथ ही धारा 82 सीआरपीसी के तहत आदेश भी जारी किए गए थे।
लोहाघाट पुलिस ने ठोस मुखबिर तंत्र एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से आरोपी की तलाश करते हुए उसे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुन्दन सिंह बोरा एवं कांस्टेबल संजय साहनी, थाना लोहाघाट शामिल रहे। चम्पावत पुलिस ने बताया कि वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

