टीका विवाद को लेकर फिर घिरे दुष्यंत गौतम, कांग्रेस ने साधा निशाना, सनातन के अपमान का लगाया आरोप
हल्द्वानी। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने हल्द्वानी पहुंचे पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में स्वागत के दौरान माथे पर लगाए गए टीके को दुष्यंत गौतम द्वारा कुछ देर बाद रुमाल से पोंछते हुए देखा जा रहा है। इसको लेकर कांग्रेस ने भाजपा नेता पर निशाना साधते हुए सनातन परंपरा और तिलक का अपमान करने का आरोप लगाया है।
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। बुधवार को हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल की ओर जाते समय स्वागत के लिए खड़ी महिलाओं ने भाजपा नेताओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और दुष्यंत गौतम के माथे पर भी टीका लगाया। वीडियो में कुछ समय बाद दुष्यंत गौतम रुमाल से माथे का टीका पोंछते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

कांग्रेस ने बोला हमला
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने इस मामले को लेकर दुष्यंत गौतम पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सनातन धर्म में तिलक का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है और उसे पोंछना सनातन परंपरा का अपमान है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच सनातन धर्म और उसकी परंपराओं की बात करती है, लेकिन उसके नेताओं का ऐसा व्यवहार विरोधाभास को दर्शाता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने दुष्यंत गौतम से प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
प्रतिमा सिंह ने दुष्यंत गौतम से जुड़े पूर्व के आरोपों का भी जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति का देवभूमि में स्वागत किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तिलक लगाए जाने के बाद उसे पोंछने की घटना से यह सवाल खड़ा होता है कि भाजपा नेता सनातन परंपराओं का कितना सम्मान करते हैं।
2027 के चुनाव को लेकर भाजपा का मंथन
उधर, भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों पर मंथन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश कार्यकारिणी, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और राज्य कोर कमेटी की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड का संदेश देश तक जाएगा। उन्होंने पार्टी के 19 जिलों, 304 मंडलों, 2,835 शक्ति केंद्रों और 12,543 बूथों को संगठन की ताकत बताते हुए इन सभी स्तरों पर मजबूती के साथ काम करने का आह्वान किया।
ऐसे में एक ओर भाजपा जहां आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है, वहीं दुष्यंत गौतम से जुड़ा टीका विवाद विपक्ष को सरकार और भाजपा पर हमला करने का नया मुद्दा दे गया है।

