उत्तराखण्डउधमसिंह नगरनवीनतम

बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी उत्तराखंड के इस SSP के फिटनेस के हुए कायल, जमकर की तारीफ

ख़बर शेयर करें -

अपने अभिनय से देश–दुनिया के दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी, उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा की फिटनेस के कायल हुए। निजी कार्यक्रम के दौरान दोनों की मुलाकात हुई, जहां सिनेमा, समाज, अनुशासन और फिटनेस जैसे विषयों पर लंबी बातचीत देखने को मिली।

बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता मनोज बाजपेयी गुरुवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे। इसी दौरान उनकी मुलाकात उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से हुई। यह मुलाकात जल्द ही एक गंभीर और सकारात्मक संवाद में तब्दील हो गई। मनोज बाजपेयी और एसएसपी मणिकांत मिश्रा के बीच कई घंटों तक बातचीत हुई। इस दौरान समाज में सिनेमा की भूमिका, कानून व्यवस्था, युवाओं की सोच, अनुशासन और व्यक्तिगत जीवनशैली जैसे अहम विषयों पर खुलकर चर्चा की गई।

दोनों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा करते हुए यह समझने की कोशिश की कि सिनेमा और प्रशासन मिलकर समाज को किस तरह सकारात्मक दिशा दे सकते हैं। बातचीत के दौरान अभिनेता मनोज बाजपेयी एसएसपी मणिकांत मिश्रा की फिटनेस से खासे प्रभावित नजर आए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि ऐसी फिटनेस तो फिल्मों में भी जरूरी है। फिटनेस को लेकर हुई चर्चा में मनोज बाजपेयी ने अपने स्वास्थ्य से जुड़े कुछ अहम राज भी साझा किए।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मनोज बाजपेयी ने फिटनेस को लेकर बताया कि वे दोपहर के बाद भोजन नहीं करते और पसंदीत्ता खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखते हैं। अभिनेता के अनुसार, ऐसे खाद्य पदार्थ शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। इस मुलाकात के बाद मनोज बाजपेयी अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

बता दें कि रुद्रपुर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा अपनी सख्त कार्यशैली और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए सुर्खियों में बने रहते हैं। एसएसपी मणिकांत मिश्रा तब मीडिया की सुर्खियों में आए जब 70 गाड़ियों में 300 पुलिस जवानों को लेकर वो उत्तर प्रदेश के बरेली पहुंचे थे। ड्रग्स माफियाओं पर उनकी इस कार्यशैली ने यूपी और उत्तराखंड में हलचल बढ़ा दी थी। मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में बॉलीवुड फिल्म की तरह पुलिसकर्मियों ने पूरे गांव को घेर कर कार्रवाई की थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।