टनकपुर-खटीमा हाईवे पर दूध से भरा कैंटर पलटा, लावारिस पशुओं को बचाने में हुआ हादसा; एक घायल
चम्पावत जिले के टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिचई के पास आवारा पशुओं को बचाने के प्रयास में मदर डेयरी का दूध लेकर आ रहा कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया।
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को बिचई के समीप एक सड़क हादसा हो गया। गजरौला (उत्तर प्रदेश) से मदर डेयरी का दूध लेकर टनकपुर आ रहा कैंटर वाहन लावारिस पशुओं को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे के समय कैंटर में चालक संजय पुत्र हरिज्ञान सिंह निवासी गजरौला (उत्तर प्रदेश) और मोहित पुत्र अजब सिंह निवासी ग्राम रामनगर, जिला संभल सवार थे। दुर्घटना में मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद 112 और चीता पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल मोहित को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया। अस्पताल में डॉ. आफताब आलम और वार्ड बॉय कर्मवीर आर्य ने उसका उपचार किया।
कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। क्रेन की सहायता से सड़क पर पलटे कैंटर को किनारे कराया गया और सड़क पर फैले सामान को हटाकर यातायात को सुचारू किया गया। उधर, उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. आफताब आलम ने बताया कि घायल मोहित के सिर और हाथ में चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस हादसे के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर लावारिस पशुओं की समस्या उजागर हुई है, जो वाहन चालकों के लिए लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।

