लोहाघाट में छात्रों का प्रदर्शन, NEET पेपर लीक और कथित लाठीचार्ज के विरोध में निकाली आक्रोश रैली
दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में चम्पावत जिले के लोहाघाट में छात्र-छात्राओं ने आक्रोश रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
लोहाघाट/चम्पावत। दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को लोहाघाट में छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने स्टेशन बाजार स्थित वीर कालू सिंह चौराहे से आक्रोश रैली निकाली, जो रोडवेज बस स्टेशन पहुंचकर धरने में बदल गई। इस दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
इस प्रदर्शन को एनएसयूआई और युवा कांग्रेस का भी समर्थन मिला। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सक्षम अधिकारी ने कहा कि निहत्थे छात्रों पर बल प्रयोग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका आरोप था कि युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और छात्र हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।
एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि छात्र हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पेपर लीक प्रकरण से जुड़े उन छात्रों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने कथित रूप से आत्महत्या की थी। साथ ही प्रदर्शन में अग्निवीर योजना का मुद्दा भी उठाया गया।
कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन में सुप्रिया, पूजा गोस्वामी, आरती अधिकारी, अजय बिष्ट, आयुष गोस्वामी, एडवोकेट भुवन चौबे, सोनम बोहरा, मंटू ओली, सोनाक्षी महरा, श्वेता महरा, रिया महरा, शिखा, निखिल फर्त्याल, दिव्य गॉड़, मोहित सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा शामिल रहे।

