चंपावतटनकपुरनवीनतमहादसा

बाटनागाड़ में मलबे की चपेट में आई कार रोखड़ में लुढ़की, जेसीबी से निकाली गई

ख़बर शेयर करें -

हादसे में चालक समेत पांच लोग बाल-बाल बचे, कार को हुआ भारी नुकसान; चालक को आई मामूली चोट

टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर-ठुलीगाड़ सड़क पर बाटनागाड़ में मलबे की चपेट में आने के बाद रोखड़ में लुढ़की कार को शनिवार को जेसीबी मशीन की मदद से निकाल लिया गया। हादसे में कार को काफी नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि कार में सवार चालक समेत सभी पांच लोग सुरक्षित बच गए। हादसे में चालक को मामूली चोट आई थी।

जानकारी के अनुसार 4 सितंबर की शाम करीब छह बजे ठुलीगाड़ से टनकपुर की ओर जा रही कार टनकपुर-ठुलीगाड़ सड़क पर बाटनागाड़ के पास अचानक आए मलबे की चपेट में आ गई। मलबे की चपेट में आने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर दूर रोखड़ में लुढ़क गई

Ad Ad

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि कार चालक संजय गंगवार (32) पुत्र कल्लू सिंह, निवासी इमली पड़ाव, टनकपुर को मामूली चोट आई। घायल चालक को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल टनकपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे डिस्चार्ज कर दिया।

जेसीबी की मदद से निकाली गई क्षतिग्रस्त कार

हादसे के बाद कार रोखड़ में फंस गई थी। शनिवार 5 सितंबर को जेसीबी मशीन की मदद से कार को रोखड़ से बाहर निकाला गया। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी मार्गों पर अचानक मलबा और पत्थर गिरने से यातायात के साथ ही वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। बाटनागाड़ की घटना में पांच लोगों के सुरक्षित बच जाने से बड़ा हादसा टल गया।