लोहाघाट : पुलिस ने 24 घंटे में किया चोरी का खुलासा, दिल्ली एयरपोर्ट के पास से दो आरोपी गिरफ्तार
लोहाघाट/चम्पावत। चम्पावत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आभूषण कारीगरों का सोना-चांदी लेकर फरार हुए दो आरोपियों को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दिल्ली एयरपोर्ट के समीप से दबोचा तथा उनके कब्जे से 400 ग्राम चांदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना लोहाघाट क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार 23 जून 2026 को खड़ी बाजार, लोहाघाट निवासी योगेश वर्मा ने थाना लोहाघाट में तहरीर देकर बताया कि उनके यहां कार्यरत दो व्यक्ति सोना-चांदी लेकर फरार हो गए हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान यह आशंका जताई गई कि आरोपी देश छोड़कर भाग सकते हैं। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दिल्ली एयरपोर्ट के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिद अली मलिक पुत्र अजगर अली मलिक निवासी जिला हावड़ा, पश्चिम बंगाल तथा एसके सहाबुल पुत्र एसके सराफत मौला निवासी जिला हावड़ा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से 400 ग्राम चांदी भी बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चम्पावत पुलिस ने कहा है कि जनपद में अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।

