सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो पोस्ट करने वाले पर टनकपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज
चम्पावत एसपी रेखा यादव के निर्देश पर साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई
टनकपुर/चम्पावत। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री पोस्ट करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ चम्पावत पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव द्वारा जारी सख्त निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली टनकपुर में एक फेसबुक/इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल साइबर रिर्पोटिंग पोर्टल के अंतर्गत ‘साइबर टिपलाइन’ से मिले इनपुट के आधार पर की गई है।
एसपी रेखा यादव ने जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वाले तत्वों की शिकायत मिलने पर बिना किसी देरी के त्वरित वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसी क्रम में बीते दिन 3 जून को प्रभारी साइबर सेल टनकपुर के माध्यम से पुलिस को एक अहम सूचना प्राप्त हुई। साइबर टिपलाइन से मिले इनपुट की जांच करने पर पता चला कि टनकपुर के वार्ड नंबर 6 निवासी भगवान दास पुत्र रामलाल द्वारा मेटा प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर बाल पोर्नोग्राफी (चाइल्ड पोर्नोग्राफी) से संबंधित एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था। इस गंभीर मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली टनकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी यूजर भगवान दास के विरुद्ध धारा 14 व 15 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) 2012 और धारा 67 (b) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) संशोधन अधिनियम 2008 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में आगे की अग्रिम वैधानिक कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद चम्पावत पुलिस ने आम जनता के लिए एक जरूरी सार्वजनिक अपील भी जारी की है। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों और युवाओं को सचेत करते हुए कहा है कि वे किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई भी अश्लील वीडियो, फोटो या प्रतिबंधित सामग्री कतई शेयर न करें। इंटरनेट और सोशल मीडिया पर की जाने वाली आपकी हर एक गतिविधि पर नेशनल साइबर क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) पोर्टल के माध्यम से चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा रही है। यदि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध पुलिस द्वारा तत्काल कठोर कानूनी व वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

